-‘यक्ष्मा मुक्त पंचायत’ अभियान के तहत 20 मरीजों को मिला फूड बास्केट, 200 मरीजों तक मदद पहुंचाने का लक्ष्य
सीतामढ़ी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुन्नीसैदपुर में गुरुवार को ‘यक्ष्मा मुक्त पंचायत’ पहल के अंतर्गत टीबी (यक्ष्मा) मरीजों के बीच फूड बास्केट (पोषण किट) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी सिन्हा ने किया।
इस दौरान चिन्हित 20 यक्ष्मा मरीजों को पोषण किट सौंपी गई। डॉ. रजनी सिन्हा के नेतृत्व में अब तक केंद्र के कुल 100 मरीजों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है। स्वास्थ्य केंद्र का लक्ष्य क्षेत्र के शेष सभी टीबी मरीजों (लगभग 200) तक चरणबद्ध तरीके से पोषण किट पहुंचाना है, जिससे उनके उपचार और पोषण स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने मरीजों को दवा का नियमित सेवन करने और पौष्टिक आहार लेने के निर्देश दिए, ताकि बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सके।
इस अवसर पर डॉ. रीचा राज, डॉ. उमर, डॉ. फिरदौस, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक राजीव कुमार, वरीय यक्ष्मा प्रयोगशाला पर्यवेक्षक गिरिन्द्र मोहन मिश्र, लिपिक अनिल कुमार, प्रखंड लेखा प्रबंधक रौशन कुमार, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक मो. कमरे आलम और जीएनएम साकेत कुमार सहित स्वास्थ्य केंद्र के कई अन्य कर्मी मौजूद रहे।



















