नजरिया न्यूज़,
फारबिसगंज :अररिया।
अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र की मटियारी पंचायत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चोरी के शक में तीन युवकों को खूंटे से बांधकर बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना मुखिया पति प्रदीप देव के कामत पर हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्रामीणों ने तीनों युवकों को चोरी के आरोप में पकड़ लिया था। आरोप है कि उन्हें पुलिस के हवाले करने के बजाय बांधकर लाठियों से पीटा गया। वायरल वीडियो में एक युवक गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ दिखाई दे रहा है,
जबकि अन्य दो युवकों की भी पिटाई की जा रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यदि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं, तो यह कानून को अपने हाथ में लेने का गंभीर मामला माना जाएगा। फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।





















