नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया।
प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीआई(एम) के बैनर तले 13 सूत्री मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना की अध्यक्षता पार्टी की प्रखंड सचिव हलीमा खातून ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए हलीमा खातून ने कहा कि सरकार के तानाशाही रवैये से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर उतरने वाले छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया जाता है,
जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में बेघर परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित हैं और उन्हें अब तक अपना आशियाना नहीं मिल सका है।
धरना के माध्यम से पार्टी नेताओं ने मनरेगा योजना को प्रभावी ढंग से पुनः संचालित करने, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए छोटी नहरों को चालू करने, आंधी एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने, सभी पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाने तथा जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ सुनिश्चित करने सहित 13 सूत्री मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
कार्यक्रम को जिला सचिव रामविनय राय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। धरना में अजीत पासवान, मंगली देवी, ब्रह्मदेव ऋषिदेव, विष्णु राम, रुक्मणी देवी, दयानंद राम समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।





















