Post Views: 26
नजरिया न्यूज़, अररिया/बथनाह। मासूम राजा। बथनाह थाना क्षेत्र के पथरदेवा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में पुष्कर कुमार मेहता और पुनिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दोनों को जख्मी कर दिया। मारपीट के दौरान गले की चेन, हाथ का बलिया (कंगन) और कान की बाली छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सीटी स्कैन और एक्स-रे कराने की सलाह दी।
घटना में योगानंद मेहता, विशाल मेहता और मुन्नी देवी सहित अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। दोनों पक्ष पथरदेवा पंचायत के सोनपुर वार्ड संख्या-1 के निवासी बताए जाते हैं।
घटना की सूचना बथनाह थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















