नजरिया न्यूज बारसोई कटिहार
सोमवार को दोपहर के समय अचानक आग लगने से आधा मलतीपुर गांव जल गया। लगभग 16 परिवार के दो दर्जन घर जलकर राख हो गए। दोपहर का समय और मंद मंद बहती हवा ने आग को इस कदर सुलगा दिया कि लोगों को कुछ भी बचा पान मुश्किल हो गया। देखते ही देखते आग पूरे मोहल्ले में फैल गई। स्थानीय प्रतिनिधियों ने तुरंत प्रखंड विकास पदाधिकारी को दमकल भेजने के लिए संपर्क किया।तथा कुछ देर में दमकल घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां स्थानीय ग्रामीण और दमकल कर्मियों के द्वारा काफी मशक्कत करने के बाद लगभग ढाई तीन घटे के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया था। आग की लपटें काफी तेज और झुलसने वाली थी। जिसके चलते लोग सिर्फ देखते रह गए कुछ कर नहीं पाए। बाद में दमकल कर्मियों के साथ आग बुझाने में लोगों ने मदद की। वहीं इस अवसर पर अग्निपीड़ितों का कहना है कि हम लोग कुछ भी निकल नहीं पाए सब कुछ घर के अंदर जल गया। कपड़े, बक्से, सामान, जेवर, अनाज, उपस्कर कुछ नहीं बचा है। हालांकि किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
वहीं अग्निकांड के पीड़ित टूलो खातून, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद भगलू , मोहम्मद अताउर, हमीदुर रहमान, मोहम्मद भोजू, मोहम्मद फरीद, मोहम्मद हेमद, मोहम्मद सरफूल, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद इमरान, ,जरीफूल,जहांगीर,नकुवा, ने प्रतिनिधियों और पदाधिकारी से रात को सिर छुपाने और तत्काल भोजन की व्यवस्था करने के साथ-साथ जल्द से जल्द सहायता राशि दिए जाने और जले हुए घर के बदले प्रधानमंत्री आवास की मांग की है। वहीं इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही हल्का कर्मचारी को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। तथा जांच रिपोर्ट आते ही सरकारी नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उनके खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। वहीं स्थानीय मुखिया सलमा खातून और जिला परिषद सदस्य आफताब तक ने पीड़ितों को यथासंभव सहायता का भरोसा दिलाया।





















