समस्तीपुर/दलसिंहसराय
(राज कुमार सिंह)
रामाश्रय बालेश्वर महाविद्यालय परिसर में सोमवार को महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर संजय झा की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता को लेकर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। विषय प्रवेश डॉ. सुनील ने कराया। कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तुत संबोधन को सुना गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजकिशोर ने कहा कि मतदाता जागरूकता आज की मांग है। महिलाओं को मतदान हेतु जागरूक करने की आवश्यकता है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर झा ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का आधार है।
लोकतंत्र की रक्षा, समाज एवं राष्ट्र की सुरक्षा हेतु अधिकाधिक मतदान अत्यावश्यक है।हमारा एक एक मत लोकतंत्र की मजबूती का परिचायक है। अतः प्रण लेने की जरूरत है कि हम खुद मतदान करेंगे एवं लोगों को मतदान हेतु जागरूक करेंगे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सोहित राम ने किया। मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अपूर्व सारस्वत, स्वयं सेवक नंदनी प्रिया, सेबी सुहानी, शबनम प्रिया,दीपा कुमारी, किरण कुमारी आदि सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।





















