अयोध्या-गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ उनके मंत्रियों और विधायकों ने किया रामलला का दर्शन
*राम मंदिर आंदोलन में दो बार कारसेवा कर चुके हैं प्रमोद सावंत*
– अयोध्या में भगवान रामलला का दर्शन करना मेरा परम् सौभाग्य : प्रमोद सावंत
*अयोध्या में गोवा भवन बनवाने की इच्छा* सीएम सावंत*
– गोवा से ट्रेन से अयोध्या आए 2000 श्रद्धालुओं ने भी किए रामलला के दर्शन
कपिल देव सिंह नजरिया ब्यूरो, लखनऊ 15 फरवरी।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की अगुवाई में उनकी सरकार की पूरी कैबिनेट के सभी मंत्रियों और विधायकों ने गुरुवार को अयोध्या धाम आकर भगवान रामलला का दर्शन पूजन किया। प्रभु श्रीराम के मंदिर के दर्शनार्थी गोवा सरकार का 51सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल आज रामनगरी अयोध्या में था। गोवा मंत्रिमंडल के सभी मंत्री और विधायक राजर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोवा प्रदेश से आए सभी अति विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। गोवा से ट्रेन से आए 2000 श्रृद्धालुओं ने भी आज भगवान राम लला का दर्शन किया।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में वे दो बार कारसेवा कर चुके हैं। उनके साथ केन्द्रीय मंत्री भी रहे। उन्होंने कहा कि आज गोवा की पूरी कैबिनेट के साथ भगवान राम लला का दर्शन करने अयोध्या आया हूं, यह मेरा परम् सौभाग्य है। यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है।प्रभु रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को पूरे गोवा प्रदेश के गांव अयोध्या की तरह राममय बन चुके थे। उस ऐतिहासिक दिन को पूरा गोवा प्रदेश राममय था।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि अब राम मंदिर बनने पर हम लोग अयोध्या धाम आ पाए हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राम मंदिर ट्रस्ट का बहुत आभार व्यक्त करता हूं। सीएम सावंत ने कहा कि गोवा को मुख्यमंत्री दर्शन योजना के तहत अयोध्या धाम से जोड़ा जाएगा, जिससे गोवा के लोग भगवान रामलला का दर्शन आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने यदि भूमि दी तो वह अयोध्या में गोवा का भवन जरूर बनवाना चाहेंगे। यहां रामनगरी अयोध्या में गोवा भवन बनना आवश्यक है।
योगी सरकार के मंत्री ने सीएम सावंत और विधायकों का किया स्वागत
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर योगी सरकार के मंत्री सतीश शर्मा, अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और उनके मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों एवम विधायकों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम सावंत समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने जन्मभूमि परिसर स्थित राम मंदिर पहुंच कर भगवान रामलला का दर्शन पूजन किया। जय श्रीराम के नारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी को प्रसाद दिया गया।





















