– बीएलओ-बीएलए की बैठक का डीएम ने लिया जायजा, आमजन से अपील – अपने नाम की जांच अवश्य करें
नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य जोरों पर है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अहर्ता तिथि 01 जुलाई 2025 के आधार पर प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन 01 अगस्त 2025 को किया गया है। इसके साथ ही 01 अगस्त से 01 सितंबर 2025 तक दावा और आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
इस उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड/अंचल कार्यालयों और नगर निकायों में 02 अगस्त से ही विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जो 01 सितंबर 2025 तक चलेंगे। इन कैंपों में नागरिक अपने नाम की जांच कर सकते हैं, नाम छूटने या किसी भी त्रुटि के संबंध में आवेदन कर सकते हैं।
डीएम ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
इसी क्रम में दिनांक 07 अगस्त 2025 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री अनिल कुमार ने अररिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बूथ संख्या 224, 225 और 226 का निरीक्षण किया। यहां बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के साथ बैठक का आयोजन किया गया था, जिसका जायजा डीएम ने लिया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अररिया समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बीएलओ और बीएलए को निर्देश दिया कि वे मिलकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने मतदान क्षेत्र के प्रत्येक घर तक जाएं और प्रत्येक मतदाता से जानकारी लेकर मतदाता सूची को अद्यतन करें।
7 और 8 अगस्त को जिलेभर में बीएलओ-बीएलए बैठकें
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 7 और 8 अगस्त 2025 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा बीएलए के साथ बैठक का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि राजनीतिक दलों के एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के दौरान बीएलओ और बीएलए मिलकर यह समीक्षा कर रहे हैं कि उनके क्षेत्र में कोई नाम छूटा तो नहीं है, या किसी मृत व्यक्ति का नाम सूची में तो नहीं है। इसके साथ ही नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, विवाह या स्थानांतरण के कारण हुए बदलावों को अद्यतन करने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नागरिकों से की गई भागीदारी की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनिल कुमार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी का नाम छूट गया हो, गलत नाम हो या पते में त्रुटि हो, तो दावा/आपत्ति अवधि में 01 सितंबर 2025 तक सुधार के लिए आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूची आगामी चुनावों का आधार बनेगी, अतः हर नागरिक का इसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। नागरिक मतदाता पोर्टल (www.nvsp.in) या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी अपने नाम की जांच और आवेदन कर सकते हैं।
यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान न केवल निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत करता है, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद – निष्पक्ष मतदान – को भी सुनिश्चित करता है।





















