आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
सावन माह के चौथे सोमवार को रानीगंज प्रखंड क्षेत्र शिवभक्ति में पूरी तरह रंगा नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखा और शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।प्रखंड क्षेत्र के गुदरी बाजार शिव मंदिर, पुरानी हाट शिव मंदिर, थाना परिसर स्थित शिव मंदिर, दीवान टोला शिव मंदिर, प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर, बसैंठी स्थित शिव मंदिर, बगुलाहा स्थित आशुतोष धाम, छतियोना स्थित श्यामसुंदर धाम समेत दर्जनों शिवालयों में सुबह से ही जल अर्पण को भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।
पुरुष, महिलाएं, बच्चे—सभी भक्त श्रद्धा और भक्ति में लीन होकर जल, बेलपत्र, दूध, दही, पुष्प आदि समर्पित करते नजर आए।कांवड़ यात्रियों का जत्था भी जगह-जगह पहुंचा, जिन्होंने विभिन्न नदियों और जल स्रोतों से जल भरकर शिवलिंग पर अभिषेक किया। कई शिव मंदिरों में भजन-कीर्तन, अर्चना और सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।





















