नजरिया न्यूज़, अररिया।
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2025 के अंतर्गत बिहार पुलिस के सिपाही संवर्ग में चयन हेतु आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को अररिया जिला मुख्यालय स्थित कुल 22 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई।
यह परीक्षा एकल पाली में आयोजित की गई, जिसमें कुल 7580 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से कुल 6107 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 1473 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई थीं।
परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं अन्य सभी सम्बंधित पदाधिकारी पूर्ण रूप से मुस्तैद रहे। उनकी सक्रियता और सजग निगरानी से परीक्षा पूरी तरह अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुई।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ-साथ दण्डाधिकारियों की उपस्थिति में प्रश्न पत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं का सुरक्षित वितरण व संकलन किया गया। किसी भी परीक्षा केन्द्र से किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुशासनहीनता की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
जिला प्रशासन एवं केन्द्रीय चयन पर्षद की समन्वित कोशिश से परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त रही। इस दौरान अभ्यर्थियों को प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, चिकित्सा सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
परीक्षा सम्पन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित ढंग से संकलित कर संबंधित कार्यालय भेज दिया गया। अभ्यर्थियों में भी परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन को लेकर संतोष देखा गया।
बिहार सिपाही भर्ती की यह परीक्षा जिले में निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



















