नजरिया न्यूज़, अररिया।
विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत रविवार को परमान सभागार, समाहरणालय, अररिया में भारत निर्वाचन आयोग के स्पेशल रॉल ऑब्जर्वर श्री भरत खेड़ा, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में अररिया जिलान्तर्गत मान्यताप्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अर्हता तिथि 01 जुलाई 2025 के आधार पर प्रारूप निर्वाचक सूची प्रकाशन के पश्चात की गई कार्रवाई की समीक्षा करना एवं राजनीतिक दलों से सुझाव प्राप्त करना था।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अररिया श्री अनिल कुमार, भा.प्र.से., भी उपस्थित थे। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को रेखांकित करते हुए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की। स्पेशल रॉल ऑब्जर्वर श्री खेड़ा ने दिनांक 01 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक सूची के आलोक में किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की और सभी दलों से उनके अनुभव, सुझाव तथा शिकायतें भी आमंत्रित कीं।
बैठक में भाग ले रहे अधिकांश राजनीतिक दलों ने अब तक की प्रक्रिया पर संतोष जताया तथा टीम भावना के साथ शेष कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का वे पूर्ण रूप से पालन करेंगे।
स्पेशल रॉल ऑब्जर्वर ने राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों को संज्ञान में लेते हुए कहा कि आयोग को इनसे अवगत कराया जाएगा और आवश्यकतानुसार विधिसम्मत कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की नींव है और सभी की सहभागिता से इसे और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
बैठक में अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल कुमार झा, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. राम बाबू कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री अमर कुमार तथा सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह बैठक न केवल निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम रही, बल्कि इससे सभी हितधारकों के बीच समन्वय और विश्वास भी मजबूत हुआ।





















