नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिला मुख्यालय में रविवार, 30 जुलाई 2025 को केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2025 के अंतर्गत बिहार पुलिस के सिपाही संवर्ग में ‘सिपाही’ पद हेतु आयोजित लिखित परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न हुई। यह परीक्षा जिले के कुल 22 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में आयोजित की गई थी।
परीक्षा के दौरान संपूर्ण व्यवस्था को स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने पूरी तत्परता के साथ कार्य किया। परीक्षा में कुल 3358 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 897 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा की निगरानी एवं संचालन के लिए सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, साथ ही हर अभ्यर्थी की जांच (फ्रिस्किंग) के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित था, जबकि प्रवेश का समय फ्रिस्किंग सहित 10:30 बजे पूर्वाह्न तक रहा। परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से शुरू होकर 2:00 बजे तक चली।
गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अगली परीक्षा भी एकल पाली में आगामी रविवार, 3 अगस्त 2025 को आयोजित की जाएगी। हर तिथि पर अलग-अलग अभ्यर्थी एवं भिन्न प्रश्न पत्र निर्धारित किए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने, सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं कदाचार से दूर रहने की अपील की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष बनी रहे।
यह परीक्षा राज्यभर के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और अररिया जिला प्रशासन ने इसे सफलतापूर्वक संपन्न कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।



















