आपदा प्रबंधन मंत्री व डीएम ने सिकटी से की शुरुआत
नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अररिया द्वारा जिले के चार प्रखंडों – सिकटी, पलासी, कुर्साकांटा एवं फारबिसगंज – में 12 दिवसीय सुरक्षित तैराकी प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन आज सिकटी प्रखंड कार्यालय परिसर में आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विजय कुमार मंडल और जिलाधिकारी श्री अनिल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया।
मंत्री ने कहा कि तैराकी एक आवश्यक जीवन रक्षक कला है जो आपदाओं में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है। जिलाधिकारी ने बच्चों को जल स्रोतों से सावधानी बरतने की सलाह दी और प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में 6 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को प्राधिकरण द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा तैराकी सिखाई जाएगी। प्रत्येक बैच में 35 बच्चों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। चारों प्रखंडों में कुल 1680 बच्चों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
इस मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री अजय कुमार ठाकुर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अररिया जिला बहु-आपदा प्रवण क्षेत्र है। SDRF की टीमें तीन स्थलों पर तैनात हैं, साथ ही 240 ‘आपदा मित्रों’ को राहत व बचाव कार्य हेतु प्रशिक्षित किया गया है। समय-समय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं ताकि आपदा की स्थिति में लोगों को उचित जानकारी मिल सके।





















