नजरिया न्यूज़, अररिया/ताराबाड़ी।
लैलोखर गरैया वार्ड संख्या-12 निवासी खुश्दिल आलम, पिता शहजाद आलम, पर उस समय जानलेवा हमला हो गया जब वे अपने मित्र सदाब आलम (पिता-स्व. शहाबुद्दीन) के साथ अररिया से वापस लौट रहे थे। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ताराबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुमताज चौक पेट्रोल पंप के समीप की बताई जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, खुश्दिल आलम ने बताया कि मुमताज चौक के पास पहले से घात लगाए मोहम्मद मुल्तान, उनकी पत्नी, दो पुत्र आदिल आलम, सारीक आलम और अन्य तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि आरोपितों ने उनका मोबाइल और पैसे छीन लिए, तथा बीच सड़क पर लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की।
खुश्दिल का दावा है कि पिस्टल निकालकर दो राउंड फायरिंग भी की गई, जिसमें एक गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद हमलावर भाग निकले।
घटना के बाद घायल अवस्था में खुश्दिल आलम ने अपने ससुर को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें कुर्साकांटा पीएचसी लाया गया। वहां डॉ. ओमप्रकाश पंडित की देखरेख में उनका इलाज किया गया। डॉक्टर ने बताया कि “सिर में गहरी चोट थी, जिसमें पांच टांके लगाने पड़े। हालांकि गोली लगने जैसा कोई निशान या घाव नहीं मिला।”
पुलिस की ओर से भिन्न बयान।
इस मामले में ताराबाड़ी थाना अध्यक्ष प्रेमचंद कुमार ने बताया कि यह आपसी विवाद का मामला है। उन्होंने गोली चलने की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि “घटना में फायरिंग नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, उसी को लेकर मारपीट हुई है।”
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा – तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई।
ताराबाड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति नहीं है, इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।





















