– ईवीएम व वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझाने के लिए अररिया जिले में दो केंद्र सक्रिय,
– अब तक सैकड़ों मतदाता हो चुके हैं लाभान्वित
नजरिया न्यूज़, अररिया।
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दृष्टिकोण से मतदाताओं के बीच इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट (वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अररिया जिला प्रशासन द्वारा दो ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EDC) की स्थापना की गई है। ये केंद्र अररिया सदर एवं फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय परिसर में क्रियाशील हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत शुरू किए गए इन केंद्रों में बैलट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट (VVPAT) की सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, प्रशिक्षित कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है जो आम जनता को सरल भाषा में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रयोग की जानकारी दे रहे हैं।
प्रदर्शन केंद्रों में आम नागरिकों को मॉक वोटिंग की प्रक्रिया से गुजरने का अवसर दिया जाता है, जिससे वे मशीन की पारदर्शिता और तकनीकी प्रक्रिया को नजदीक से समझ सकें। इससे न केवल मतदान के प्रति आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि ईवीएम को लेकर फैली भ्रांतियों और शंकाओं का भी समाधान किया जा रहा है।
इन केंद्रों पर स्थानीय भाषा में जानकारी देकर सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर वर्ग और उम्र के मतदाता मतदान प्रक्रिया को सही तरीके से समझ सकें। केंद्र पर आने वाले लोगों से उनकी प्रतिक्रिया (फीडबैक) भी ली जाती है, जिसे साप्ताहिक आधार पर निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है।
उल्लेखनीय है कि ये केंद्र 15 जुलाई 2025 से सक्रिय हैं और चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक कार्यरत रहेंगे। अब तक जिले के सैकड़ों मतदाता और नए वोटर इस केंद्र का लाभ उठा चुके हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से मतदाताओं का चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बढ़ेगा और मतदान प्रतिशत में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिलेगी।
आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इन प्रदर्शन केंद्रों पर जाकर ईवीएम एवं वीवीपैट से जुड़ी जानकारी जरूर लें और लोकतंत्र के इस पर्व में सशक्त भूमिका निभाएं।





















