कुशेश्वर स्थान संवाददाता।
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुशेश्वरस्थान में रविवार को जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालुओं को भारी जाम का सामना करना पड़ा। बाबा कुशेश्वरनाथ महादेव के दर्शन और जल अर्पण करने आए हजारों शिवभक्त घंटों तक चिलचिलाती धूप में फंसे रहे। स्थानीय बाजार से लेकर थाना रोड और उसके आगे तक लंबा जाम लगा रहा, जिसमें दोपहिया वाहनों से लेकर ऑटो, जीप, निजी कारों से लेकर बाइक तक फंसी रहीं। कई महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चों के साथ परिवार घंटों धूप में इंतजार करते रहे। श्रद्धालुओं ने बताया कि तेज धूप में बिना पानी और छांव के घंटों खड़े रहना बेहद मुश्किल था। श्रद्धालु घंटों तक धूप में परेशान होते रहे। लोग पसीने से तरबतर हो गए, पर जाम से निकलने का कोई रास्ता नज़र नहीं आ रहा था। इस दौरान कुशेश्वरस्थान थाना की पुलिस जीप भी इस जाम में फंसी देखी गई। जाम की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस वाहन का सायरन भी लोगों पर कोई असर नहीं डाल सका। हालात ऐसे थे कि सड़क पर रेंगते हुए भी वाहन मुश्किल से आगे बढ़ पा रहे थे।
जाम को हटाने में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। अंततः यातायात को नियंत्रित कर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिली। पर तब तक सैकड़ों भक्त मानसिक और शारीरिक रूप से काफी थक चुके थे।
गौरतलब है कि श्रावण मास के दौरान कुशेश्वरस्थान में हर रविवार और सोमवार को देश-प्रदेश के कोने-कोने से हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते जाम की स्थिति अक्सर बनती है। लेकिन इस बार की स्थिति सामान्य से कहीं अधिक गंभीर रही। भक्तों ने मांग की अगली बार से भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का इंतज़ाम समय रहते किया जाए, ताकि श्रद्धा की राह में यातना न बने।।






















