नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार पुलिस के सिपाही संवर्ग में ‘सिपाही’ पद पर नियुक्ति के लिए केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित लिखित परीक्षा रविवार, 27 जुलाई 2025 को अररिया जिला मुख्यालय स्थित कुल 22 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलता पूर्वक आयोजित की गई।
विज्ञापन संख्या 01/2025 के अंतर्गत आयोजित इस लिखित परीक्षा में कुल 7359 अभ्यर्थियों को सम्मिलित होना था, जिसमें से 6067 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1292 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा एकल पाली में दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें जिले भर के हजारों युवाओं ने अपने भविष्य को आकार देने के उद्देश्य से भाग लिया।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, स्थानीय पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी में लगे रहे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। प्रत्येक अभ्यर्थी की कड़ी जांच व frisking के बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति दी गई। रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित था और 10:30 बजे तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अनुशासनहीनता या तकनीकी परेशानी की सूचना नहीं मिली, जिससे साफ जाहिर होता है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों ने भी प्रशासन की व्यवस्था और अनुशासित माहौल की सराहना की। कई परीक्षार्थियों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी के बावजूद किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।
उल्लेखनीय है कि इस लिखित परीक्षा की प्रक्रिया आगामी दो तिथियों — 30 जुलाई (बुधवार) और 3 अगस्त (रविवार) को भी जारी रहेगी। इन तिथियों पर भी परीक्षा एकल पाली में ही आयोजित होगी, जिसमें अलग-अलग अभ्यर्थी भाग लेंगे और प्रश्न पत्र भी भिन्न होंगे।
प्रत्येक परीक्षा तिथि को रिपोर्टिंग का समय 9:30 बजे पूर्वाह्न निर्धारित है, जबकि 10:30 बजे तक frisking कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अंतिम सीमा होगी। परीक्षा का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने शेष परीक्षा तिथियों पर भी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित कराने हेतु पूरी तैयारी कर ली है, जिससे कि सभी अभ्यर्थी बिना किसी अवरोध के परीक्षा में शामिल हो सकें और उनका चयन प्रक्रिया में भरोसा बना रहे।



















