– सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि की बैठक मे लिये गये कई निर्णय
नज़रिया न्यूज (रूबी बिनीत), अररिया।
शनिवार को न्यायमण्डल अररिया के फैमिली जज के प्रकोष्ठ में सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि की बैठक आयोजित किया गया.
बैठक की अध्यक्षता फैमिली जज सह सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि के अध्यक्ष अविनाश कुमार-टू ने की.
बैठक के माध्यम से उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियो व ट्रेन्ड मेडीएटर्स सहित बार के अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा गया कि नालसा व बालसा के निर्देश के आलोक में 90 दिवसीय राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान में लगातार पक्षकारों की मौजूदगी होना, इस बात का प्रमाण है कि पक्षकारों के विद्वान अधिवक्ता वादों के निपटारा कराने में विशेष सहयोग दे रहे हैं. आगे भी राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान में पक्षकार मध्यस्थता केंद्र में उपस्थित हो, इसके लिए संबंधित पक्षकारों के विद्वान अधिवक्ता का सहयोग पूर्व की भांति मिलना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि मध्यस्थता से कई पक्षकारों को फायदा मिला है, जिसका सीधा श्रेय पक्षकारों के विद्वान अधिवक्ता को जाता है.
फैमिली जज ने जिला बार एसोसिएशन अशोक पांडेय व जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष तपन बनर्जी से कहा है कि आप सभी अपने-अपने संघ मे अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर मध्यस्थता की महत्ता से उन्हें अवगत करावे, ताकि विद्वान अधिवक्ता अपने अपने पक्षकारों को मध्यस्थता केंद्र आने के लिए प्रेरित कर सके.
उन्होंने कहा कि मध्यस्थता एक ऐसी प्रणाली है, जिसमें एक निष्पक्ष मध्यस्थ अधिवक्ता पक्षकारों को अपने झगडे या मामले आपसी समझ व सम्मति से सुलझाने में सहायता करता है. इस दरम्यान मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय रहती है. इसके तहत मामले से जुड़े सभी पक्षों को अपनी बात कहने का और आपसी विवाद के समाधान तैयार करने का अवसर मिलता है.
बताया गया कि मध्यस्थता के माध्यम से किसी भी प्रकार के वादों के निपटारा संभव है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इसमे कोई शक की गुंजाइश नहीं है कि मध्यस्थता का सहारा लेने से वादों का निपटारा संभव हो सकता है.
वादों के निपटारे के लिए मध्यस्थता का रूख करने से वादकारियों को फायदा ही मिलेगा, इसलिए वादों के निपटारे के लिए मध्यस्थता का रूख जरूरी है.
बैठक को जिला एवं चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश सह सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि के सदस्य रवि कुमार, मुंसिफ सह सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि कर जॉइंट सेक्रेटरी सह प्रभारी जज इंचार्ज उदयवीर सिंह ने भी संबोधित किया.
इस सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि की बैठक में लोक अभियोजक (पीपी) रामा नंद मंडल, गवर्मेंट प्लीडर (सरकारी वकील) अशोक कुमार पासवान, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष तपन कुमार बनर्जी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय, मेडिएशन सेंटर के प्रशिक्षित मध्यस्थ अधिवक्ता सह सुपरभाईजरी सह मेडिएशन कमिटि के सदस्य क्रमशः कुमारी वीणा, बिनीत प्रकाश व नीरज प्रसाद आदि मौजूद रहे.





















