जिला मुख्यालय स्थित एडीबी चौक पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब केनरा बैंक के ठीक सामने स्थित एसबीआई एटीएम में शनिवार तड़के लगभग 3:30 बजे चोरों ने एटीएम मशीन को काटने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चोर एटीएम में सेंध लगाने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।
हालांकि सूत्रों से जानकारी मिली है कि पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचते ही उन्होंने चोरों का पीछा किया, मगर वे फरार होने में सफल रहे। इस घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बता दें कि वारदात के जगह से एसपी आवास महज 100 मीटर की दूरी पर है।
गौरतलब है कि अररिया जिले में इस तरह की एटीएम चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में चोरों को पकड़ने में पुलिस को खास सफलता नहीं मिली है। जिले में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों का यूं खुलेआम वारदात को अंजाम देने की कोशिश करना, जिला नियंत्रण कक्ष की सतर्कता पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि जब एटीएम जैसी संरक्षित जगहें भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे महफूज़ महसूस कर सकते हैं।
नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि एटीएम चोरी का प्रयास विफल रहा और छापेमारी की जा रही है।

प्रशासन से अब यह सवाल किया जा रहा है कि चोर भाग कैसे गए और सीसीटीवी फुटेज का सही इस्तेमाल क्यों नहीं हुआ? पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया है, लेकिन आम लोगों में डर और असंतोष गहराता जा रहा है।





















