नजरिया न्यूज, अररिया।
गृह रक्षा वाहिनी, अररिया के तहत स्वच्छ और पारदर्शी नामांकन प्रक्रिया के अंतर्गत शनिवार, 24 मई 2025 को अररिया कॉलेज स्टेडियम के मैदान में शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा का शुभारंभ किया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी निगरानी के बीच यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से शुरू हुई। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे।
पहले दिन कुल 700 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 495 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 60 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता जांच के विभिन्न इवेंट्स में सफलता प्राप्त की। वहीं, एक अभ्यर्थी ऊंचाई कम होने के कारण अयोग्य घोषित किया गया। शेष अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके।
वरीय जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, अररिया ने बताया कि पहले दिन की प्रक्रिया पूरी तरह सफल रही और इसे निष्पक्ष ढंग से पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में नवीनतम तकनीक का उपयोग किया जा रहा है और प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बरती जा रही है, ताकि योग्य उम्मीदवारों का ही चयन हो सके। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह, प्रलोभन या बहकावे में न आएं और केवल अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।
परीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारीगण, जिनमें शारीरिक दक्षता जांच के वरीय प्रभारी एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अजय कुमार ठाकुर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित संबंधित सभी पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और अपनी भूमिका का निर्वहन करते रहे। उनकी सतत निगरानी में प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न किया गया।
ज्ञात हो कि गृह रक्षा वाहिनी के लिए आयोजित इस शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा का आयोजन 24 मई से 4 जून 2025 तक निर्धारित है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 11,102 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 9,171 पुरुष और 1,931 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की आगामी तिथियाँ 26, 27, 28, 29, 30, 31 मई एवं 2 जून 2025 निर्धारित की गई हैं। वहीं महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा 3 और 4 जून को होगी।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा स्थल पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरे नामांकन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गृह रक्षा वाहिनी में सेवा देने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, लेकिन इसके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तैयारी आवश्यक है। पहले दिन की सफलता से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आगे के दिन भी इसी प्रकार शांतिपूर्वक और सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।






















