नजरिया न्यूज, अररिया।
नगर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब कंट्रोल रूम में तैनात एक महिला कांस्टेबल से कुछ युवकों ने अशोभनीय व्यवहार किया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की थार वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी समाप्ति के बाद महिला कांस्टेबल बस स्टैंड के समीप एक आइसक्रीम दुकान पर खड़ी थीं। तभी काले रंग की थार पर सवार कुछ युवकों ने उनके प्रति फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस हरकत से कांस्टेबल असहज और व्यथित हो गईं। उन्होंने तुरंत पुलिस लाइन पहुंचकर घटना की सूचना दी।
इसके बाद उन्होंने एक अन्य महिला सिपाही के साथ कंट्रोल रूम पहुंचकर घटनास्थल के CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में स्पष्ट रूप से थार वाहन नजर आए। वाहन की पहचान होते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और देर रात नहर के समीप से उक्त वाहन को जब्त कर थाने ले आई।
नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि महिला कांस्टेबल की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक वाहन छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस अब युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि इतनी गंभीर घटना नगर थाना क्षेत्र में घटित हुई और अररिया के अन्य पदाधिकारी अब तक मौन हैं। इस मामले में कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रशासन ही चुप है, तो आम जनता किससे उम्मीद करे। अब निगाहें अररिया एसपी अंजनी कुमार पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या सख्त कदम उठाते हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।






















