अभिमन्यु मिश्रा, जिला प्रभारी सुपौल
झखाड़गढ़ पंचायत के वार्ड पांच में सड़क का पीसीसी निर्माण कार्य में ग्रामीणों नेअनियमितता बरतने का आरोप लगाकर शुक्रवार को कार्य रोककर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि बस स्टैंड से झखाड़गढ़ जाने वाली सड़क में अनंत चौक से वार्ड 8 स्थित धोबी घाट तक लाखों की लागत से सड़क का मेंटेनेंस कार्य के तहत पीसीसी एवं पिचिंग किया जा रहा है।
बताया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी यहां के लोगों की एक नहीं सुनता है। मनमाने तरीके से काम किया जा रहा है। जब मुंशी को गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने को कहा जाता है तो धमकी दी जाती है जो करना है कर लो काम ऐसा ही होगा।
बगैर विभागीय जेई की उपस्थिति में गुणवत्ता विहिन पीसीसी ढलाई कार्य किया जा रहा है। बताया कि पीसीसी ढलाई में सीमेंट और पानी का बहुत ही कम मात्रा दिया जा रहा है। कहा कि इस सड़क निर्माण कार्य में शुरू से ही अनियमितता बरते जाने का आरोप लग रहा है। इसके बाद भी विभाग व ठेकेदार अपने कार्य प्रणाली सुधार नहीं कर रहे है। कहा कि करीब तीन माह पूर्व से कार्य चल रहा है, लेकिन अबतक प्राक्कलन बोर्ड नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों ने सड़क का पीसीसी कार्य को रोक दिया, कहा कि जबतक वरीय अधिकारी कार्य स्थल पर नहीं आएंगे और जबतक प्राक्कलन बोर्ड नहीं लगाया जाएगा तबतक निर्माण कार्य नहीं करने दिया जाएगा। कहा कि बार बार इस सड़क निर्माण कार्य की जांच की मांग भी की जाती है। लेकिन जांच नही होने से संवेदक का मनोबल बढ़ गया है। कहा कि इससे पूर्व भी कई बार कार्य को रोका गया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
कार्य रोकने की सूचना पर विभागीय एसडीओ शौरभ कुमार कार्य स्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाया, लेकिन लोगों का कहना हुआ कि जबतक वरीय अधिकारी नहीं पहुंचेंगे तबतक कार्य चालू नहीं होने दिया जाएगा। आक्रोशित लोगों ने बताया कि अनियमितता बरतने को लेकर करीब डेढ़ दर्जन ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन डीएम और एसडीएम सहित मुख्यमंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री को जीमेल के माध्यम से भेजा गया है। कार्य स्थल पर पहुंचे विभागीय एसडीओ से इस संदर्भ में पूछने पर उन्होंने बताया कि बयान देने के लिए मैं अधिकृत नहीं हूं। कैमरा पर कुछ भी बोलने से बचते हुए स्थल से निकल गए।




















