नजरिया न्यूज। भरगामा
भरगामा प्रखंड के शेखपुरा गांव के लिए रवि वार रात ऐतिहासिक बन गई जब गांव के होनहार सपूत नितीश कुमार ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ चुनाव 2025 में अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, गांव में जश्न का माहौल छा गया। पटाखे फूटे, मिठाइयां बांटी गईं और ग्रामीणों ने नितीश की उपलब्धि का जश्न मनाया।
रविवार देर रात आए नतीजों में वामपंथी गठबंधन
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन और डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फ्रंट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय पैनल की चार में से तीन सीटों पर कब्जा जमाया। नितीश कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए कुल 1701 वोट हासिल किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिखा स्वराज को 1430 वोट मिले। नितीश ने 271 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर छात्र राजनीति में नया कीर्तिमान स्थापित किया।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी एक सीट जीतकर लगभग एक दशक बाद केंद्रीय पैनल में वापसी दर्ज कराई।
शेखपुरा गांव से राष्ट्रीय नेतृत्व तक का सफर
नितीश कुमार शेखपुरा गांव निवासी स्वर्गीय स्वामी राजवल्लभ बाबा के पौत्र तथा प्रोफेसर प्रदीप यादव के पुत्र हैं। परिवार में तीसरे स्थान पर रहने वाले नितीश ने प्रारंभिक शिक्षा फारबिसगंज के सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई पूर्णिया कॉलेज, पूर्णिया से तथा स्नातक की पढ़ाई काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से पूरी की। वर्तमान में वे जेएनयू से पीएचडी कर रहे हैं।
कड़ी मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प से नितीश ने इस मुकाम को हासिल किया है, जो सीमांचल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
तीन दशक बाद सीमांचल से अध्यक्ष पद पर कब्जा
सामाजिक कार्यकर्ता और आजाद हिंद फौज के संयोजक प्रभात यादव ने नितीश कुमार को फोन कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,
तीन दशकों के बाद सीमांचल क्षेत्र से किसी युवा ने जेएनयू छात्रसंघ का अध्यक्ष पद जीता है। बिहार की धरती ने सदैव देश को राजनीति, शिक्षा और सामाजिक आंदोलनों के क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान किया है। नितीश कुमार ने इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सीमांचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगे कहा कि नितीश की जीत से साबित होता है कि मजबूत इरादे और निरंतर प्रयास से कोई भी युवा छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंच सकता है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
नितीश कुमार की ऐतिहासिक जीत पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। नरपतगंज के विधायक जयप्रकाश यादव, प्रोफेसर उमेश यादव, दिलीप कुमार यादव, अरविंद कुमार यादव, प्रशांत कुमार, सुशांत आनंद, इंजीनियर नवनीत, डॉ. अभिनव, विशाल, मिठू, दिव्यांश, गौतम, गगन राज, रविंद्र कुमार यादव, संजीव कुमार यादव और सानू यादव समेत सैकड़ों लोगों ने नितीश को बधाइयां दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नितीश की जीत से न सिर्फ शेखपुरा गांव बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र को गर्व की अनुभूति हो रही है। आने वाले दिनों में उनके नेतृत्व से युवा राजनीति को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।






















