लगातार पांचवें वर्ष झांकी को मिला पुरस्कार- सूचना निदेशक शिशिर को सौंपा गया प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न
झांकी में दिखाई गई थी योगी सरकार में यूपी की बदलती तस्वीर की झलक
कपिल देव सिंह
नजरिया ब्यूरो लखनऊ, 30 जनवरी।
उत्तर प्रदेश राज्य को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड 2024 में उत्तर प्रदेश की आकर्षक झांकी ने सभी देखने वालों का दिल जीत लिया। ‘विकसित भारत-समृद्ध विरासत’ की थीम पर सजाई गई उत्तर प्रदेश की इस झांकी को 75 वें गणतंत्र दिवस पर द्वितीय पुरस्कार मिला है। मंगलवार को नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक शिशिर को भारत सरकार के रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया। 26 जनवरी को 16 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ही 9 अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों की कुल 25 झांकियां निकाली गई थीं। इसमें पीपुल्स च्वॉइस के आधार पर उत्तर प्रदेश राज्य की मनोरम झांकी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर की थीम पर सजाई गई उत्तर प्रदेश की इस झांकी ने सभी दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसमें 5 वर्ष के भगवान रामलला को हाथों में धनुष लिए दर्शाया गया था। झांकी पर ऋषि-मुनियों के साथ सनातन परंपरा और महाकुंभ आयोजन का अद्भुत नजारा देखने को मिला। साथ ही रैपिड रेल,ब्रह्मोस मिसाइल के प्रदर्शन तकनीक के साथ ही आत्मनिर्भर होते उत्तर प्रदेश राज्य की झलक पेश कर रहा था।
लगातार पांचवें वर्ष उत्तर प्रदेश को मिला सम्मान
उत्तर प्रदेश राज्य के लिए यह गौरव का क्षण है। उत्तर प्रदेश को गणतंत्र दिवस परेड में आकर्षक झांकी के लिए लगातार पांचवें वर्ष भी सम्मानित किया गया। 2020 में उत्तर प्रदेश की झांकी को द्वितीय, 2021 और 2022 में प्रथम पुरस्कार मिला था। 2023 में पीपुल्स च्वॉइस श्रेणी में द्वितीय और तृतीय पुरस्कार यूपी की झांकी को मिला था। अब 2024 में भी पीपुल्स च्वॉइस श्रेणी में उत्तर प्रदेश की झांकी दूसरे स्थान पर रही।























