पलासी प्रखंड की चौरी पंचायत अंतर्गत चौरी वार्ड संख्या-1 में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से दो बिजली पोल संरचना सहित क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा पलासी के कनीय विद्युत अभियंता राजेश कुमार ने ट्रैक्टर मालिक चौरी गांव निवासी राज कुमार साह के खिलाफ पलासी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना बीते 20 नवंबर की बताई गई है। कनीय विद्युत अभियंता ने बताया कि स्थानीय लोगों एवं विभागीय मानव बल के माध्यम से जानकारी मिली कि चौरी वार्ड संख्या-1 में ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दो बिजली पोल को संरचना सहित क्षतिग्रस्त कर दिया।इस घटना से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) को 48 हजार 400 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। मामले में ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।