संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के कुम्हीया गांव में बकरी चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार 27 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। बकरी लेकर भागने की कोशिश कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में कुम्हीया वार्ड संख्या-3 निवासी जावेद आलम (45) ने पलासी थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।आवेदन के अनुसार, जावेद आलम की करीब 12 किलोग्राम वजन की काले रंग की बकरी उनके दरवाजे के पास थी। इसी दौरान बीआर-11-एसी-8014 नंबर की अपाची बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवक बकरी को बाइक पर लादकर भागने का प्रयास करने लगे। उस समय आवेदक की बच्ची दरवाजे पर खेल रही थी।बकरी लेकर भागने की कोशिश के दौरान शोर मचने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले गई।पकड़े गए युवकों की पहचान संजू कुमार मंडल और सोनू कुमार मंडल के रूप में हुई है। दोनों मजलेशपुर गांव के वार्ड संख्या-7 के निवासी बताए गए हैं। मामले में पलासी थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।


















