नजरिया न्यूज़, अररिया। राजेश कुमार। हवाई हमले और बम धमाकों जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित जूनियर स्कॉटिश पब्लिक स्कूल में मॉकड्रिल आयोजित की गई. इसमें अग्निशमन विभाग, SDRF, पुलिस और चिकित्सा दल ने राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया.
सायरन बजते ही विभिन्न विभागों की टीमों ने मोर्चा संभाला. इस दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और आम लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया. अधिकारियों ने विभिन्न टीमों के त्वरित रिस्पॉन्स और आपसी समन्वय का जायजा लिया.
अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन नवनील कुमार ने बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में आम लोगों को जागरूक करने के साथ संबंधित एजेंसियों की तैयारियों को परखना है. इससे वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में मदद मिलेगी.
मौके पर जिला समादेष्टा अशोक कुमार, वरीय उप समाहर्ता अभिजीत कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मृत्युंजय पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बचाव दल के कर्मी मौजूद थे.

















