नजरिया न्यूज़, अररिया। 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), अररिया की ओर से शनिवार, 28 नवंबर 2026 को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालय कुतुबगंज में नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक कमांडेंट श्री आलोक कुमार के निर्देशन में बाह्य सीमा चौकी आमबाड़ी के अंतर्गत किया गया।
शिविर में 52वीं वाहिनी की सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. सविता ने कुल 147 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इनमें 41 पुरुष, 82 महिलाएं और 24 बच्चे शामिल थे। जांच के बाद सभी मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान डॉ. सविता ने ग्रामीणों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही श्री अन्न (मोटे अनाज) के फायदे, स्वच्छता का महत्व, नशे के दुष्प्रभाव तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
एसएसबी की ओर से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर फल एवं सब्जियों का उत्पादन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया, ताकि जवानों को ताजे फल और सब्जियां उपलब्ध हो सकें।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती गांवों में समय-समय पर इस तरह के नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलता है। मौके पर सहायक उप निरीक्षक अतिस कुमार दास, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार, आरक्षी पिंटू कुमार सहित अन्य बलकर्मी मौजूद रहे।

















