नजरिया न्यूज़, अररिया।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान के निर्देश पर अररिया कॉलेज के सेहत केंद्र में आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को साप्ताहिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मी एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें समय पर चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मोहम्मद खतीब हैदर (एम.बी.बी.एस, एम.डी.) ने संयुक्त रूप से किया।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान डॉ. मोहम्मद खतीब हैदर ने उपस्थित शिक्षक, कर्मी और छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की तथा उन्हें उनकी समस्याओं के अनुरूप आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में सामान्य जांच के साथ-साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
गौरतलब है कि अररिया कॉलेज में सेहत केंद्र की स्थापना बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (BSACS) के सहयोग से की गई थी। सेहत केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें समय-समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना था। वर्तमान में प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान के नेतृत्व में यहां नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच शिविरों का आयोजन कर इस उद्देश्य को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान ने कहा कि सेहत केंद्र में साप्ताहिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर प्रत्येक शनिवार को आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य छात्र-छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना और उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं चिकित्सक के समक्ष रख सकें। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है,” इसलिए विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
इस साप्ताहिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का संचालन सेहत केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. शम्स परवेज द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महीने के किसी विशेष साप्ताहिक शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. हिना तबस्सुम (मेडिकल ऑफिसर, बहादुरगंज) को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि छात्राएं उनसे परामर्श लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें। इसके अलावा, किसी सप्ताह मनोचिकित्सक को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव, डिप्रेशन एवं अन्य मनोविकारों का उचित उपचार प्राप्त कर सकें।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में प्रोफेसर (डॉ.) अशोक पाठक, प्रोफेसर (डॉ.) अब्दुस सलाम, श्री अमित कुमार, डॉ. भीष्म कुमार सिंह, डॉ. मोहम्मद शफीक सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।






















