नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
18 फरवरी 2026 को पूर्णियां विश्वविद्यालय में आयोजित प्रधानाचार्यों की बैठक में लिए गए अहम निर्णयों के आलोक में आज अररिया कॉलेज में कॉलेज स्तर पर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान ने की, जिसमें शिक्षकों, अतिथि शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रधानाचार्य ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कॉलेज में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित उपस्थिति से कम रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा प्रपत्र भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विषय में छात्र की उपस्थिति का प्रमाण पत्र संबंधित विषय के शिक्षक द्वारा दिया जाएगा, जिसके आधार पर प्रधानाचार्य विश्वविद्यालय को संस्तुति भेजेंगे। विश्वविद्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही विद्यार्थी का परीक्षा फॉर्म भरा जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य शैक्षणिक अनुशासन को मजबूत करना और नियमित पढ़ाई को बढ़ावा देना है।
शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों को निर्देश देते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रतिदिन वर्ग संचालन की फोटो और छात्र उपस्थिति का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से प्रधानाचार्य कार्यालय में जमा किया जाएगा। यह रिकॉर्ड कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और इसी के आधार पर शिक्षकों की वेतन विवरणी विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी। समय पर वर्ग संचालन नहीं करने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
विद्यार्थियों के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए। प्रधानाचार्य ने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने पास महाविद्यालय का परिचय-पत्र अनिवार्य रूप से रखें। बिना परिचय-पत्र के कॉलेज परिसर में प्रवेश वर्जित होगा। साथ ही, स्थानांतरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए कॉलेज का परिचय-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।
बैठक के दौरान कॉलेज के पुस्तकालय की भी समीक्षा की गई। प्रधानाचार्य ने कहा कि सीबीसीएस पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल्द आवश्यक पुस्तकें खरीदी जाएंगी। इसके अलावा कंप्यूटर लैब, लैंग्वेज लैब और विभिन्न प्रयोगशालाओं के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कॉलेज प्रशासन प्रयासरत है। विद्यार्थियों को जिम, इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम, खेल सामग्री, कॉमन रूम, समाचार पत्र और मैगजीन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाने की अपील की गई।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) रामदयाल पासवान ने यूजी सीबीसीएस पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप को अनिवार्य बताते हुए कहा कि कॉलेज शीघ्र ही विभिन्न कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करने जा रहा है। सभी पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को निर्देश दिया गया कि वे इंटर्नशिप से संबंधित जानकारी के लिए कॉलेज कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो छात्र इंटर्नशिप नहीं करेंगे, उन्हें स्नातक की डिग्री प्रदान नहीं की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक के माध्यम से कॉलेज प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नियमितता को लेकर अब कोई समझौता नहीं किया जाएगा।






















