नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
जिला निबंधन कार्यालय, अररिया के अभिलेखागार में कूटकृत (रिकॉर्ड में छेड़छाड़) के गंभीर मामले का खुलासा करते हुए अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि जिला निबंधन कार्यालय अररिया के अभिलेखापाल गो० सभी अनवर द्वारा 15 दिसंबर 2025 को नगर थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में अभिलेख संख्या 10272, जिल्द संख्या 65, वर्ष 1960 (अररिया) के पृष्ठ संख्या 344 से 346 में कूटकृत किए जाने का आरोप लगाया गया था। इसके आधार पर नगर थाना कांड संख्या 505/25 दिनांक 15.12.2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अररिया के नेतृत्व में विशेष जांच एवं छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि संवाला संख्या 10272 में पूर्व में दर्ज तीन व्यक्तियों के नाम को साजिश के तहत बदला गया था। इस कूटकृत में अभियुक्त सोनु उर्फ सनाउल्लाह शेख एवं अन्य लोगों की संलिप्तता पाई गई, जिसमें कार्यालय के कुछ कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध है।
छापामारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त सनाउल्लाह शेख उर्फ सोनु (उम्र 21 वर्ष), पिता मो० मोजाहिद आलम, निवासी तुरकैली, वार्ड संख्या 11, थाना जोकीहाट, जिला अररिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने कूटकृत में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी अंजनी कुमार ने स्पष्ट किया कि इस मामले में शामिल अन्य कर्मियों व सहयोगियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी। मामले की जांच जारी है। छापामारी दल में नगर थाना थानाध्यक्ष पु०नि० मनीष कुमार रजक एवं अपर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० संजीव कुमार शामिल थे।























