नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिंगर स्कैनिंग डिवाइस और वाई-फाई राउटर के जरिए बैंक खातों से अवैध निकासी करने वाले साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना अररिया एवं महलगांव थाना की संयुक्त छापेमारी में पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2026 को साइबर थाना अररिया को गुप्त सूचना मिली कि महलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर (वार्ड संख्या-06) में विनोद मंडल के घर पर कुछ लोग साइबर ठगी की गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष साइबर थाना अररिया के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद मंडल के घर पर छापेमारी की। इस दौरान घर के पिछले कमरे से छह लोग लैपटॉप, मोबाइल और फिंगर स्कैनिंग डिवाइस के साथ संदिग्ध स्थिति में पाए गए। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे, जिसमें से पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनोद मंडल, मो. सरताज, सोनु कुमार मंडल, मो. निसार और भास्कर कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे जियो वाई-फाई राउटर की मदद से इंटरनेट का उपयोग कर लोगों का डेटा हासिल करते थे और फिंगर स्कैनिंग डिवाइस के जरिए बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकालते थे।
पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल फोन, 2 फिंगर स्कैनिंग डिवाइस, 1 लैपटॉप, 1 टैब, 1 जियो राउटर, 4 मोटरसाइकिल और 2 कार बरामद की है। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 03/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।























