- रात में सोए परिवारों के लिए आफत बनकर आई आग, ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
नजरिया न्यूज, भरगामा (अररिया) जितेन्द्र कुमार जीतू।
भरगामा प्रखंड के जमुआन पंचायत के वार्ड संख्या 9 में बुधवार देर रात अचानक लगी आग ने दो परिवारों को बुरी तरह तबाह कर दिया। भीषण आग में सुरेश मंडल के दो घर और रूपेश मंडल के दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी भयावह थी कि घरों में बंधी चार गायें बुरी तरह झुलस गईं, जबकि चार बकरियों की मौत मौके पर ही हो गई।
सूत्रों के अनुसार घटना देर रात लगभग सभी लोग खाना खाकर गहरी नींद में थे। इसी बीच आग की लपटें उठती देख पास-पड़ोस के ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर गृहस्वामी बाहर निकले, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और घरों में रखे सामान धू-धूकर जल चुके थे। ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग घरों के पास तक नहीं जा पा रहे थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर निजी संसाधनों से घंटों मशक्कत कर आग को काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीण सुभाष मंडल, हरदेव मंडल, अभिमन्यु कुमार, सिंटू मंडल और कलानंद मंडल ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर पूरी तरह नियंत्रित किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष नित्यानंद मेहता, जयप्रकाश पोद्दार, राजकुमार गुप्ता, संजय मेहता, संजय सिंह, शत्रुघ्न साह और ललित झा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी और प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
अंचल अधिकारी निरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि राजस्व कर्मियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करा लिया गया है। क्षति का आकलन किया जा रहा है और जल्द ही मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, नरपतगंज विधायक देवंती यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों की सहायता की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि दमकल वाहन और प्रशासनिक टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग और भी कई घरों को अपनी चपेट में ले सकती थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।























