व्यक्ति तभी फेल होता है, जब वह छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करता है: योगी आदित्य नाथ
= आपके लिए छोटी सी चीज दूसरे के लिए बड़ी भी हो सकती है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
अरुण सिंह, संवाददाता नजरिया न्यूज लखनऊ, 07जून।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज यहां उनके सरकारी आवास पर प्रान्तीय पुलिस सेवा के 91वें बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पी0पी0एस0 अधिकारी कानून-व्यवस्था की रीढ़ हैं। सुरक्षा, सेवा व सुशासन में इन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपराध व अपराध की आधुनिक प्रकृति तथा जनता द्वारा न्याय की अपेक्षा, तकनीक और नवाचार से भली-भांति परिचित हों। अधिकारियों को अपने दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन करने के लिए परिश्रमी और तेजी से फैसले लेने में भी सक्षम होना चाहिए। साथ ही, मामलों का निस्तारण पारदर्शी तथा समयबद्ध ढंग से किया जाना चाहिए। अधिकारियों को व्यवस्था के प्रति जवाबदेह होने के साथ ही, गरीब, कमजोर तथा वंचित वर्ग के हितों के प्रति सचेत व संवेदनशील होना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आप सभी अधिकारीगण दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जहां आम जनमानस की समस्याओं को बहुत नजदीक से सुनने का अवसर मिलेगा। एक कॉमन मैन की पीड़ा को सुनने का अवसर प्राप्त होगा। व्यक्ति तभी फेल होता है, जब वह छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करता है। आपके लिए छोटी सी चीज दूसरे के लिए बड़ी भी हो सकती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बेहतरीन कानून-व्यवस्था के आप सेतु हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने राज्य के परसेप्शन को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। यह प्रक्रिया अनवरत जारी है, जिसके आप सभी वाहक बनने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा वर्तमान समय के अनुरूप तीन नए कानून लागू किये गये हैं। आप सभी को इन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना है। इंटेलीजेंस को और सुदृढ़ करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम चौकीदार से संवाद जरूर स्थापित करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी -अधिकारी, जनता से संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करें-नजरिया न्यूज
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि संवाद लोकतंत्र की ताकत है। हमें इस ताकत का इस्तेमाल करना होगा। आपकी सबसे बड़ी ताकत ह्यूमन इण्टेलीजेंस है। आपका व्यावहारिक पक्ष अच्छा है, तो जनता की समस्याएं नहीं अटकेंगी और जनप्रतिनिधियों के साथ भी आपका बेहतर संवाद होगा। समस्या से जुड़ी जगह पर स्वयं पहुंचें और मेरिट के आधार पर शिकायतों व समस्याओं का निस्तारण करें। समस्याओं के निस्तारण के प्रति आप सभी को आग्रही बनना होगा। अधिकारी जनता से संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समस्या के निस्तारण का अन्तिम मापदण्ड है। जनता से प्राप्त शिकायतों में 90 प्रतिशत शिकायतें थाना और तहसील से सम्बन्धित होती हैं। अपने कार्य क्षेत्र में प्रत्येक कार्य दिवस में जनसुनवाई करें। थाना दिवस पर टीम बनाकर समय-सीमा तय करते हुए कार्यवाही को आगे बढ़ाएं। जो न्याय संगत हो, उसी पर कार्य करें। मुख्यमंत्री जी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सभी अधिकारीगण जवाबदेह पुलिसिंग को आगे बढ़ाएंगे और शासन तथा कॉमन मैन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
——-























