– दोनों चापाकल सूखे, प्रशासन बेखबर
कुर्साकांटा/अररिया। कुर्साकांटा प्रखंड मुख्यालय में पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्यालय परिसर में मौजूद दोनों चापाकल सूख चुके हैं, जिससे एक बूंद पानी भी नहीं निकल रही है। इस कारण कार्यालय में कार्यरत कर्मियों को मजबूरी में बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
गर्मी के इस मौसम में जहां आम लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं, वहीं सरकारी कार्यालय में ऐसी स्थिति होना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। कर्मियों ने कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय में ही जब ऐसी स्थिति है, तो गांवों में हालात का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द चापाकलों की मरम्मती करवाई जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि कर्मियों और आगंतुकों को राहत मिल सके। 
इधर बीडीओ नेहा कुमारी ने बताया कि दो दो चापाकल प्रखंड मुख्यालय के अंदर में है कुछ खराबी होने कारण पानी सूख जाता है ऐसी जानकारी मिली है जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होगी।






















