- पुलिस कर रही छापेमारी, लाखों की बताई जा रही है कीमत
नजरिया न्यूज अररिया। अररिया जिले की नगर थाना पुलिस ने सोमवार को एनएच-27 पर जहाँगीर बस्ती के समीप शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 211 लीटर अवैध शराब जब्त की। यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर की गई वाहन जांच के दौरान मिली।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-06GF-8621) को रोककर तलाशी ली, जिसमें 9 कार्टून बीयर और 12 कार्टून टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 211 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये में है। 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उक्त वैन पश्चिम बंगाल से आ रही थी और मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि यह कार्रवाई शराब माफियाओं के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी संभव है।
गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद सीमावर्ती जिलों से शराब तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस की यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर शराब माफियाओं में हड़कंप मचा सकती है।






















