- मत्स्यगंधा रिसोर्ट में होगा आयोजन, शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना समिति का उद्देश्य
नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार। बिहार कुम्हार प्रजापति सामान्य समिति की ओर से आज सहरसा के मत्स्यगंधा रिसोर्ट में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। समारोह में समिति के प्रदेश अध्यक्ष रूपेश पंडित, बिहार विधान परिषद सदस्य शिवरानी देवी एवं शीला पंडित को भी सम्मानित किया जाएगा।
समिति के प्रदेश संयोजक डॉ. शिलेंद्र कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। वहीं, जिला सचिव संजय कुमार पंडित ने समाज के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
आयोजकों ने सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जिले के समाज के लोगों, अभिभावकों, महिलाओं और युवाओं से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रसार और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान देने से समाज का शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास मजबूत होगा।

















