- बिना समुचित इलाज किए हायर सेंटर रेफर करने का लगाया आरोप, अस्पताल परिसर में किया हंगामा
जोकीहाट/अल्लामा ग़ज़ाली। जोकीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सांप काटने से एक विवाहिता की मौत के बाद आक्रोशित परिजन सांप लेकर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। साथ ही मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और इंसाफ दिलाने की मांग की।मामला पलासी प्रखंड के डेंगा गांव का है। जानकारी के अनुसार, डेंगा गांव निवासी 22 वर्षीय विवाहिता तहजीबा, पति इमरान और पिता मुश्ताक, गुरुवार अपने मायके में थीं। तहजीबा की शादी चौंकता गांव में हुई थी। गुरुवार को शाम में डेंगा गांव में ही सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गुरुवार को शाम 6 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोकीहाट लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उनका समुचित इलाज किए बिना ही डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें सदर अस्पताल अररिया ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।शनिवार को मृतका के दफन-कफन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन मोहम्मद सलमान, अमीर समेत दर्जनों की संख्या में लोग सांप लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोकीहाट पहुंच गए। अस्पताल परिसर में सांप लेकर पहुंचने से वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल कर्मियों से जवाब मांगा और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर विरोध जताया।परिजनों का कहना था कि जब विवाहिता को सांप ने डसा था तो अस्पताल में उनका इलाज किए बिना हायर सेंटर क्यों रेफर कर दिया गया? परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल के अन्य कर्मियों से इलाज करने की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया।परिजनों के मुताबिक, अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मियों ने पहले उन्हें चूहा काटने की बात कही और इसके बाद खाना खाने बैठ गए।
इसी दौरान करीब 20 मिनट बाद विवाहिता की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।विवाहिता की मौत के बाद परिजनों में अस्पताल प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, मामले में अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर का पक्ष सामने आना बाकी है।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आदित्य कुमार ने बताया कि स्नेक बाइट के मरीजों को 24 घंटे निगरानी में रखकर दवा दी जाती है। लेकिन परिजन बार-बार मरीज को रेफर करने की मांग कर रहे थे। स्नेक बाइट से संबंधित दवा देने के बाद ही मरीज को हायर सेंटर रेफर किया गया था।

















