- एक सप्ताह बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण; सड़क चौड़ीकरण का काम प्रभावित
- प्रशासन के आदेश की उड़ रही धज्जियां, सिमरबनी, भरगामा और महथावा बाजार में स्थिति जस की तस
भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सिमरबनी, भरगामा और महथावा बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। अतिक्रमण हटाने को लेकर अंचल प्रशासन की ओर से जारी आदेश का भी अब तक कोई असर नहीं दिख रहा है। अंचलाधिकारी पूजा कुमारी ने एक सप्ताह पूर्व बाजारों में माइकिंग कराकर अतिक्रमणकारियों को 48 घंटे के भीतर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के एक सप्ताह बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
प्रशासनिक आदेश के बावजूद सड़क किनारे दुकानें, अस्थायी संरचनाएं और अन्य सामान पहले की तरह रखे हुए हैं। इससे सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
फोटो कैप्सन:- आदेश के एक सप्ताह बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
वहीं, आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से माइकिंग कराकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी तो दी गई, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में अतिक्रमणकारियों के बीच प्रशासनिक आदेश का कोई खास असर नहीं दिख रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य सुचारु कराने की मांग की है।
इधर अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने कहा अंचलाधिकारी भरगामा को भरगामा ,महथावा व सिमरबनी मे अतिशीघ्र मापी कराकर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिए गये है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस बल के साथ अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

















