- कबीर की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संतों ने दिया संदेश, प्रवचनों से भक्तिमय हुआ सुकेला हाट का माहौल
भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सुकेला हाट के समीप आयोजित दो दिवसीय सत्संग सद्ज्ञान यज्ञ का शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में शुरुआत हुआ। इस अवसर पर संतों के प्रवचनों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। पूरे आयोजन के दौरान सत्य, अहिंसा, सदाचार, कर्म और स्वावलंबन के संदेश गूंजते रहे।
यज्ञ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए आचार्य जय स्वरूप साहेब ने कहा कि संत कबीर ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को सत्य, अहिंसा और कर्म की महत्ता का संदेश दिया। लेकिन वर्तमान समय में इन मूल्यों का लगातार ह्रास हो रहा है। आज का मनुष्य कर्म और पुरुषार्थ के बजाय चमत्कारों पर अधिक विश्वास करने लगा है। ऐसे में स्वावलंबी और स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार करना कठिन हो जाता है।
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति उत्पादन में अपना योगदान नहीं देता और केवल उपभोग करता है, तो यह नैतिक रूप से उचित नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को कर्म के सिद्धांत का पालन करना चाहिए। उन्होंने संत कबीर की सीख का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसा व्यवहार हम दूसरों से अपने लिए चाहते हैं, वैसा ही व्यवहार हमें दूसरों के प्रति भी करना चाहिए।
वहीं, आचार्य गौरव साहेब ने संत कबीर को समाज का दृष्टा और मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि भारतीय साहित्य में कर्म और पुरुषार्थ को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि केवल किताबी और बौद्धिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्ति को विचारों के स्तर पर भी सशक्त होना जरूरी है। जब तक मनुष्य मानसिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक उसका सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम में संत जय स्वरूप साहेब, विनम्र वीरेंद्र साहेब, गौरव साहेब, संत रामस्वरूप साहेब, अरुण साहेब, सुमन साहेब, रवि साहेब और योगेंद्र साहेब सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय महंत योगानंद दास, सदानंद दास, भवानंद दास, जनार्दन दास, विद्यानंद सांई, आनंदी मंडल और विंदेश्वरी मंडल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
स्थानीय ग्रामीणों के सौजन्य से आयोजित इस सत्संग का मंच संचालन समाजसेवी अजय अकेला ने किया। मौके पर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि सत्यनारायण यादव, शिक्षाविद विद्यानंद यादव, राजेंद्र मंडल, सुरंजन यादव, सुमन ठाकुर, अभिषेक कुमार रंजन, महेंद्र मंडल और दिलीप कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
दो दिवसीय यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव का संगम बना। संतों के प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को संत कबीर के विचारों, सत्य, अहिंसा और कर्मप्रधान जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया।

















