नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को अररिया में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Unmask the Appeal – Countering Tobacco and Nicotine Addiction” के तहत लोगों को तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे की लत से बचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. के.के. कश्यप, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. जमील अहमद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार, डीपीसी राकेश कुमार, कैंसर स्क्रीनिंग टीम की डॉ. साइना एवं डॉ. मैत्रेयी, पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर संजय कुमार झा, राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के मनोवैज्ञानिक शुभम कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तम्बाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धूम्रपान एवं अन्य तम्बाकू उत्पादों का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, फेफड़ों की बीमारी तथा कई अन्य घातक रोगों का प्रमुख कारण है। विशेषज्ञों ने कहा कि तम्बाकू केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंचाता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में बढ़ते निकोटीन उत्पादों एवं ई-सिगरेट के उपयोग पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि आकर्षक पैकेजिंग और प्रचार के माध्यम से युवाओं को निकोटीन की ओर आकर्षित किया जा रहा है, जिससे वे कम उम्र में ही नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों और समाज की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे बच्चों और युवाओं को इसके खतरों से अवगत कराएं।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं तम्बाकू से दूरी बनाए और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे, तो एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।





















