नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के त्रिशूली घाट पर देव दीपावली के शुभ अवसर पर सत्य सेवा संगठन की ओर से भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह आयोजन पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की विशेषता रही कि बनारस से आए पांच प्रसिद्ध पुरोहितों द्वारा बनारस की तर्ज पर महा आरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गा वाहिनी एवं मोहिनी देवी समूह की बहनों द्वारा आकर्षक और दिव्य रंगोली बनाकर की गई। इसके उपरांत घाट के तट पर लगभग 5000 दीपों का प्रज्वलन किया गया, जिसने त्रिशूली घाट को अद्भुत आलोक से भर दिया। दीपों की टिमटिमाहट और गंगा आरती की धुनों के बीच घाट का नजारा मानो किसी आध्यात्मिक स्थल का रूप ले चुका था।
सत्य सेवा संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर का वध करने की स्मृति में किया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने अपने पिनाक धनुष से त्रिपुरासुर का अंत किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने देवलोक में दीप प्रज्वलित किए थे, उसी परंपरा को धरती पर देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मोहिनी देवी के निर्देशक संजय प्रधान और उप पार्षद गौतम शाह उपस्थित रहे। संगठन की ओर से उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आतिशबाजी और संगीत ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विहिप नगर अध्यक्ष पंकज द्विवेदी, विहिप कार्यकर्ता विवेक कुमार, गोपाल कुमार, बजरंग दल जिला संयोजक सूरज कुमार, गौ रक्षा प्रमुख विशाल साहा, प्रशांत चौधरी, कृष्ण कुमार, देव कुमार, तुषार कुमार, रौनक कुमार, आदित्य कुमार, हर्ष भगत, अवनीश मिश्रा और अतुल कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं दुर्गा वाहिनी नगर संयोजिका आरती कुमारी के नेतृत्व में निधि कुमारी, ट्विंकल कुमारी, एकता कुमारी, शिवानी कुमारी, नंदनी कुमारी, गुड़िया कुमारी, ईशा कुमारी, पायल कुमारी, आंचल कुमारी, सोनाक्षी कुमारी और नेहा कुमारी जैसी दर्जनों बहनों ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
देव दीपावली का यह भव्य आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और एकता का अद्भुत संगम बनकर त्रिशूली घाट की पहचान को और भी पावन बना गया।























