नजरिया न्यूज़, अररिया/सिकटी। रंजन राज।
जनसुरज पार्टी द्वारा 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद सिकटी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने सिकटी सीट से रागीव बबलू को उम्मीदवार बनाया है, जबकि लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय और संगठन को मजबूत करने वाले भोला प्रसाद सिंह को टिकट नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को भोला प्रसाद सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि “मैंने दिन-रात मेहनत कर जनसुरज पार्टी को सिकटी विधानसभा में सींचा है, हजारों कार्यकर्ताओं को जोड़ा और पार्टी की जड़ें मजबूत कीं। लेकिन टिकट किसी और को दे दिया गया, जो कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी ने गलत निर्णय लिया है और असली मेहनतकश को नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से 48 घंटे के भीतर निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी उम्मीदवार में बदलाव नहीं करती है तो सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे और संभावित प्रत्याशी भोला प्रसाद सिंह जनता के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
भोला प्रसाद सिंह ने कहा कि “अगर पार्टी विचार नहीं करती है, तो आगे का फैसला जनता करेगी। मैंने हमेशा संगठन को प्राथमिकता दी, लेकिन अब जनता जो कहेगी वही करूंगा।”
सूत्रों के अनुसार, सिकटी विधानसभा में यह विवाद जनसुरज के लिए चुनौती बन सकता है, क्योंकि यहां पार्टी की पकड़ भोला प्रसाद सिंह की मेहनत से ही मजबूत हुई थी।























