नियमित टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने में जुटा विभाग
अररिया, 22 अप्रैल।
हाल के वर्षों में जिले ने नियमित टीकाकरण मामले में उल्लेखनीय प्रगति की है। हाल में फुल इम्यूनाइजेशन को लेकर जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में अररिया नौवें स्थान पर है। इसे जिला स्वास्थ्य विभाग का अथक प्रयाास, समुदाय स्तर पर प्राप्त सहयोग व जमीनी स्तर के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। फुल इम्यूनाइजेशन यानी एक वर्ष तक के बच्चों को समय पर सभी निर्धारित टीके का पूरा खुराक प्राप्त होना। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित नियमित टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों को बीसीजी, पेंटावैलेंट, पोलिया, मीजल्स-रूबेलाा, रोटा वायरस, सहित बच्चों के सर्वांगीण स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जरूरी टीके नि:शुल्क लगाये जाते हैं। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नि:शुल्क टीकाकरण का समुचित इंतजाम है। टीकाकरण को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में अवस्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष टीकाकरण कॉर्नर भी संचालित किया जा रहा है।
कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से मिली महत्वपूर्ण उपलब्धि
फुल इम्यूनाइजेशन यानी पूर्ण टीकाकरण मामले में जिले को राज्य में नौंवा स्थान प्राप्त हुआ है। इसमें विभाग द्वारा संचालित विशेष टीकाकरण सत्र, हेड काउंट सर्वे व आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से तैयार माइक्रो प्लानिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रिफ्यूजल इलाकों में समुदाय स्तर पर टीकाकरण को लेकर संचालित विशेष जागरूकता अभियान, कम आच्छादन वाले इलाकों में विशेष टीकाकरण सत्र का आयोजन जैसी पहल से जिले में टीकाकरण अभियान को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि पूर्ण टीकाकरण मामले में जहां राज्य का औसत 94 प्रतिशत है। वहीं इस मामले में अप्रैल 2024 से मार्च 2025 तक जिले की उपलब्धि 97 फीसदी रहा है। जो स्वास्थ्य विभाग व टीकाकरण अभियान से जुड़े तमाम अधिकारी व कर्मियों के सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
तय सीमा पर शत प्रतिशत बच्चों को टीका लगाना लक्ष्य
पूर्ण टीकाकरण मामले में जिले की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से जिला स्वास्थ्य विभाग को एक नई ऊर्जा मिली है। तय समय सीमा पर शत प्रतिशत बच्चों को सभी जरूरी टीका लगाना विभाग का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इसके लिये पंचायत स्तर पर टीकाकरण कार्यक्रम की निगरानी को अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में जनजागरूकता अभियान, मीडिया के माध्यम से प्रचार, व टीकाकरण को लेकर पारंपरिक मिथकों के खिलाफ सक्रिय अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही टीकाकरण से जुड़े आंकड़ों की निगरानी के लिये यू-विन पोर्टल व टीकाकरण रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।






















