नजरिया न्यूज़, अररिया। संवाददाता मासूम राजा।
अररिया जिले के लिए यह खबर किसी गहरे आघात से कम नहीं है। जिले के प्रख्यात सर्जन डॉक्टर जितेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी की हाजीपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद अररिया सहित पूरे सीमांचल में शोक की लहर दौड़ गई है। हर वर्ग के लोग इस असामयिक निधन से स्तब्ध और दुखी नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर दंपत्ति किसी निजी कार्य से हाजीपुर गए हुए थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं अररिया में उनके शुभचिंतकों और मरीजों के बीच शोक की लहर फैल गई।
डॉक्टर जितेंद्र प्रसाद अररिया के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी सर्जनों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे चिकित्सकीय जीवन में हजारों मरीजों का सफल इलाज किया।
खास बात यह रही कि वे खुद कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी मरीजों की सेवा से दूरी नहीं बनाई। वे अंतिम समय तक अस्पताल पहुंचकर लोगों का इलाज करते रहे, जिससे उन्हें “सेवा भाव का प्रतीक” माना जाता था।

चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए बिहार सरकार द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका था। बताया जाता है कि बिहार में सबसे अधिक सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक करने वाले डॉक्टरों में उनका नाम प्रमुख था। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें राज्य सरकार से विशेष अवार्ड भी प्राप्त हुआ था, जो उनके कौशल और समर्पण का प्रमाण है।
डॉक्टर जितेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी के निधन की खबर मिलते ही अररिया के विभिन्न अस्पतालों में शोक सभाओं का आयोजन किया गया। डॉक्टरों, नर्सों, अस्पताल कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भाषा से जुड़े लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हर आंख नम थी और हर चेहरा दुख से भरा नजर आ रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर जितेंद्र प्रसाद सिर्फ एक चिकित्सक नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण थे। गरीब और असहाय मरीजों के प्रति उनका व्यवहार बेहद संवेदनशील और मानवीय था। उनका जाना अररिया जिले के चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
डॉक्टर दंपत्ति की यादें और उनकी सेवाएं लंबे समय तक लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी। अररिया जिले ने आज एक ऐसा चिकित्सक खो दिया, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।























