नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज।
परमप्रेममय श्रीश्रीठाकुर अनुकूलचंद्रजी का 138वां जन्मोत्सव फारबिसगंज में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आईटीआई के समीप स्थित मंदिर सह सत्संग केंद्र से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें “वन्दे पुरुषोत्तमम” की गूंज से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में भक्त निशान, ध्वज और ठाकुरजी की प्रतिकृति के साथ नगर भ्रमण करते नजर आए।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए कटिहार से आए बालमुकुंद चौधरी उर्फ ‘मिस्टर दा’ ने कहा कि जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाए और जीवन जीने का सही पथ दिखाए वही सद्गुरु होते हैं। युग, काल और समय के अनुसार नर देह धारण कर सरल विधान देने वाले पुरुषोत्तम ही वर्तमान के मार्गदर्शक होते हैं और वर्तमान युग के पुरुषोत्तम श्रीश्रीठाकुर अनुकूलचंद्रजी हैं, जो हमें एक सच्चा और प्राकृतिक मनुष्य बनने की राह दिखाते हैं।
मधुबनी से आए प्रवीण कुमार दा ने डीपी वर्क प्रोजेक्ट के माध्यम से घर-घर जाकर ठाकुरजी के प्रेम संदेश को पहुंचाने और लोगों को धर्म के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्म ही धर्म है और सुकर्म से कोई भी मनुष्य अपना भाग्य बदल सकता है, यदि वह इष्ट से युक्त हो। उनके विचारों से अररिया, रानीगंज, पूर्णिया, हांसा, सहरसा, सुपौल सहित आसपास के क्षेत्रों एवं पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से आए हजारों भक्त भावविभोर हो उठे।
फारबिसगंज के अचीतानंद भगत एवं पूर्णिया के रोनी दा ने दैनिक जीवन में इष्ट और ठाकुरजी की महत्ता पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत सुबह उषा कीर्तन एवं सामूहिक प्रार्थना से हुई। विशाल हंसासन पर ठाकुरजी की प्रतिकृति के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मधेपुरा से आए रिपु रोशन, भवानीपुर के ललित गुप्ता व विजय भगत सहित कलाकारों ने भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास, मुख्य पार्षद वीणा देवी, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि बुलबुल यादव, वार्ड पार्षद नंदन ठाकुर, गणेश गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इसके बाद आयोजित विशाल धर्मसभा में विधायक मनोज विश्वास एवं मुख्य पार्षद वीणा देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनका सत्संगियों द्वारा साल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
धर्मसभा की अध्यक्षता मधेपुरा के रघुवंश मिश्रा ने की। भानु सिंह के उद्बोधिनी संगीत के बाद कौशल राजा भगत, आयुष झा, धीमान झा ने भजन प्रस्तुत किए। पूर्णिया, अररिया, रानीगंज, हांसा व फारबिसगंज की माताओं ने सामूहिक भजन गाया। हांसा की नीतू झा मां एवं रानीगंज की कंचन मां ने परिवार और समाज में नारी शक्ति के उत्थान पर अपने विचार रखे। सिलीगुड़ी से आए प्रदीप दे व उनकी टीम के भजनों पर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने भंडारा महाप्रसाद खिचड़ी-चटनी ग्रहण किया। आयोजन को लेकर भव्य पंडाल, ठाकुरजी का दरबार एवं पूरे मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय नगर परिषद, थाना प्रशासन सहित समीर कुमार दे, विजयकांत झा, भानु सिंह, हीरालाल दास, वीरेंद्र मंडल, कपिल केसरी, राजाराम राय, विजय भगत, लालू जायसवाल, पुनीत अग्रवाल, आदित्य दे, रंजीत कुमार, निकेश, आयुष झा, पंकज मंडल, सूर्यनारायण गुप्ता, कौशल भगत, ओम साह, विमल दे, स्वस्ती सुन्दरी दे, पुनम देवी, पूजा देवी, अनीता देवी, सरिता देवी, रंजू देवी सहित अनेक भक्तों का अतुलनीय योगदान रहा।
रानीगंज – राजीव गांधी सेवा सदन पर बैंक का कब्जा! ग्रामीणों में उबाल, पंचायत व्यवस्था ठप
नजरिया न्यूज (भोरहा पंचायत) रानीगंज अनमोल आनंद। रानीगंज प्रखंड के भोरहा पंचायत में जनसेवा के लिए बना राजीव गांधी सेवा...























