नजरिया न्यूज़
रानीगंज :अररिया। अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट के समीप टोल टैक्स के पास शराब लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। इसी दौरान कुछ ग्रामीण दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाते दिखाई दिए।
घटना से संबंधित सामने आई तस्वीरों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कई लोग ट्रक के आसपास जमा हैं और उसमें रखी शराब की बोतलें लेकर जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक से शराब की बोतलें ले जाने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के मौके पर पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें लदी शराब के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चालक और खलासी के फरार होने के कारण उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रक में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और शराब की बरामदगी को लेकर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।


















