संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
अररिया पलासी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय भट्टाबाड़ी हरिजन टोला में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गांधीजी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा उनके विचारों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश की
आजादी के आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद शाह ने बच्चों को गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। बच्चों को सत्य बोलने, अहिंसा का पालन करने, स्वच्छता अपनाने और सभी के साथ समान व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया।मौके पर मो. एकरामुल हक, बिंदु भारती, फरीदा खातून, सीमा देवी एवं रेखा देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गांधीजी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश को अपने आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

















