नजरिया /
कुशेश्वरस्थान पूर्वी।
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए दो युवकों को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना के सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार सिंह संध्या गश्ती पर थे। इसी दौरान झाझरा चौक के पास बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक बाइक लेकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक काले रंग की बाइक बरामद की गई। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान शनिचरा गांव निवासी शिवा यादव के पुत्र लाट बाबू यादव और गुलाब यादव के पुत्र कुंदन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद हथियार और बाइक को जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।























