नजरिया / कुशेश्वरस्थान पूर्वी।
रंगों का त्योहार होली प्रखंड क्षेत्र में 4 मार्च को परम्परागत रूप से सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं हुई। होली को लेकर सभी आयु वर्ग के लोगों में उल्लास देखा गया। होली को लेकर जगह जगह अपराह्न में लोगों ने बैण्ड बाजा और लाउडस्पीकर के धुन पर जमकर ठुमके लगाए और कादो पानी खेलते हुए नाचते गाते नदी एवं तालाबों पर जाकर स्नान किया। पूर्वाह्न में रंग अबीर खेला गया। बच्चे किशोर एवं युवाओं की टोली जहां एक दूसरे को रंग और अबीर-गुलाल लगाकर गले मिले एवं होली की बधाई दी। वहीं इन आयु वर्ग के लोगों ने अपने बड़े बुजुर्गो को पैरों पर अबीर-गुलाल लगाकर आशिर्वाद प्राप्त किया। कई गांवों में लौण्डा के नाच का आयोजन कर होली गीत के साथ साथ जोगीरा एवं बिरहा गायन कर होली के त्योहार का जश्न मनाया। कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में पंडा समाज के साथ भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधिवत कुशेश्वर नाथ महादेव को रंग गुलाल चढ़ा कर होली खेले। इस अवसर पर हिरणी गांव के कीर्तन मंडली होली के तर्ज पर नचारी गाकर ठुमके लगाते हुए जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए। इस दौरान तूं- तूं, मैं- मैं के इक्के-दुक्के घटना को छोड़कर दोनों प्रखंड में रंगोत्सव का त्योहार होली शांति पूर्वक सम्पन्न हो गया। कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर तथा नदी थाना के थानाध्यक्ष क्रमशः गौरव प्रसाद,केशरी नंदन कुमार राम तथा सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन के कड़ी चौकसी की वजह से होली शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान कहीं कोई अप्रिय घटनाएं नहीं हुआ। इससे पहले 2 मार्च की रात दोनों प्रखंड के सभी गांवों में गाजे बाजे के साथ श्रद्धा पूर्वक होलिका दहन किया गया। कुशेश्वरस्थान बाजार में मारवाड़ी समाज के महिलाओं ने पारम्परिक रूप होलिका के पूजा कर होलिका दहन किया।




















